असमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईप्रशासनराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंहादसा

नगांव में सात जंगली हाथियों की मौत, रेल यातायात प्रभावित,राजधानी एक्सप्रेस की हाथियों से टक्कर, पटरी से उतरे इंजन व कोच,

डिंपल शर्मा

नगांव, 20 दिसंबर 2025/असम.समाचार

नगांव जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 20507 आनंद विहार टर्मिनल–राजधानी एक्सप्रेस जंगली हाथियों के झुंड से टकरा गई। इस दुर्घटना में सात जंगली हाथियों की मौत हो गई, जबकि एक हाथी घायल बताया गया है।

टक्कर के बाद राजधानी एक्सप्रेस का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा रात करीब 2.17 बजे पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) के लामडिंग मंडल अंतर्गत जमुनामुख–कामपूर रेलखंड में पाटियापाम के पास हुआ। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तत्काल दुर्घटना राहत ट्रेन और वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए।

एनएफ रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखकर आपात ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद हाथी ट्रेन से टकरा गए। यह स्थान अधिसूचित हाथी कॉरिडोर में शामिल नहीं है। प्रभावित कोचों के यात्रियों को अन्य कोचों में खाली बर्थ पर अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया। प्रभावित कोचों को अलग करने के बाद ट्रेन सुबह 6.11 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई, जहां अतिरिक्त कोच जोड़कर आगे की यात्रा जारी कराई जाएगी।

दुर्घटना के कारण इस रेलखंड पर अप और डाउन लाइन की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं, जिससे कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

डाउन लाइन पर रोकी गई ट्रेनें:
लेडो–गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस (योगिजन स्टेशन)
बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (होजाई स्टेशन)
कन्याकुमारी–विवेक सुपरफास्ट एक्सप्रेस (लामडिंग जंक्शन),कामरूप एक्सप्रेस (दीमापुर)
अप लाइन पर रोकी गई ट्रेनें:
कंचनजंघा एक्सप्रेस (चापरमुख)
डोनी पोलो एक्सप्रेस (गुवाहाटी)
रेलवे प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा जांच और ट्रैक की बहाली का कार्य जारी है। इस दौरान कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0361-2731621, 2731622 और 2731623 सक्रिय किए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक और लामडिंग मंडल रेल प्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर रवाना हो गए। वन विभाग भी हाथियों की मौत के मामले की जांच में जुट गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!