चेतना लेडीज़ क्लब का सेवा कार्य : मदर केयर वृद्धाश्रम में बिस्तर व गद्दों का दान

सोनल शर्मा
गुवाहाटी 7 नवंबर 2025/असम.समाचार
चेतना लेडीज़ क्लब द्वारा आज मोनालिसा सोसायटी स्थित मदर केयर वृद्धाश्रम में बिस्तर और गद्दों का दान कर समाजसेवा की सराहनीय मिसाल पेश की गई। क्लब की अध्यक्ष श्रीमती ममता हरलालका, सचिव श्रीमती स्वेता सोमानी, कोषाध्यक्ष श्रीमती मीना मोर सहित क्लब की सभी सदस्याएँ इस अवसर पर उपस्थित रहीं।
वृद्धाश्रम के प्रबंधक उत्पल ने क्लब के इस योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “आपके इस सहयोग से वृद्धजनों को न केवल सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें यह भी महसूस होगा कि समाज आज भी उनके प्रति संवेदनशील है। ऐसे कार्य दूसरों के लिए प्रेरणादायक हैं।”
क्लब की सचिव श्रीमती स्वेता सोमानी ने कहा कि, “चेतना लेडीज़ क्लब हमेशा से समाजसेवा की भावना को सर्वोच्च मानता आया है। वृद्धाश्रम में बिस्तर और गद्दे दान करना हमारे लिए सिर्फ सेवा नहीं, बल्कि आत्मिक संतोष का कार्य है। हमारा क्लब भविष्य में भी ऐसी सामाजिक पहल निरंतर जारी रखेगा।”
कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने वृद्धजनो से बातचीत की और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान आश्रम परिसर में भावनात्मक और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन सेवा और संवेदनशीलता से परिपूर्ण भाव के साथ हुआ।




