
विकास शर्मा
गुवाहाटी 6 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय की टीम ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय, हेंगराबाड़ी, कामरूप (मेट्रो) के वरिष्ठ सहायक नबज्योति डेका को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नबज्योति डेका ने एक डॉक्टर से उसके बकाया वेतन बिल की प्रक्रिया के लिए पहले 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसे बाद में घटाकर 10,000 रुपये कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इंकार कर, मामले की शिकायत सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आज जाल बिछाया गया और डेका को उसके कार्यालय में 5,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए पकड़ लिया गया।
रिश्वत की रकम मौके पर जब्त की गई और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसे सील किया गया। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में एसीबी थाना केस नंबर 49/2025, दिनांक 06/09/2025 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(ए) के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



