भोगाली बिहू पर महामृत्युंजय मंदिर में भक्ति का उत्सव, 50 ब्राह्मणों ने कराया रुद्राभिषेक

डिंपल शर्मा
नगांव 14 जनबरी 2026/असम.समाचार
भगवान सूर्य नारायण के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही उत्तरायण का शुभारंभ हो गया है।
इस पावन अवसर पर पूजा-पाठ, होम और यज्ञ का क्रम प्रारंभ हो गया। आज प्रातः महामृत्युंजय मंदिर प्रांगण स्थित मृत्युंजय वेद विद्यापीठ में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
विद्यापीठ के 50 ब्राह्मणों ने आचार्य दिलीप के तत्त्वावधान में भगवान भोलेनाथ महामृत्युंजय प्रभु का विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न कराया। इस अवसर पर संपूर्ण विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
रुद्राभिषेक के साथ असम के प्रमुख पर्व भोगाली बिहू को भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। अनुष्ठान के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
महामृत्युंजय मंदिर में प्रातःकाल से ही दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तिमय वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक आस्था के बीच मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
इस शुभ अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को भोगाली बिहू की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।



