राजस्थान फाउंडेशन नार्थ-ईस्ट चैप्टर अध्यक्ष रतन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति जताया आभार

विकास शर्मा
गुवाहाटी, 8 दिसंबर 2025/असम.समाचार
राजस्थान फाउंडेशन नार्थ-ईस्ट चैप्टर के अध्यक्ष रतन शर्मा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों को एक साझा मंच पर जोड़ने तथा राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 10 दिसंबर को जेईसीसी, जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित करने का निर्णय मुख्यमंत्री का दूरदर्शी कदम है।
रतन शर्मा ने बताया कि इस आयोजन से दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जड़ों, संस्कृति और मातृभूमि से पुनः जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव राज्य विकास की दिशा में प्रवासियों की सक्रिय सहभागिता को और मजबूत करेगा।
साथ ही उन्होंने सभी प्रवासी राजस्थानियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर अपनी मातृभूमि के समग्र विकास में सार्थक योगदान दें।



