नेपाल में बवाल: छात्रों का संसद पर धावा, 20 से अधिक सोशल मीडिया ऐप्स पर प्रतिबंध, 14 की मौत, कई घायल

राष्ट्रीय ब्यूरो
काठमांडू, 8 सितम्बर 2025/असम.समाचार
नेपाल में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। देशभर में छात्रों और युवाओं द्वारा किए जा रहे व्यापक विरोध प्रदर्शनों ने उग्र रूप ले लिया है। राजधानी काठमांडू में संसद भवन के बाहर आज हुए हिंसक प्रदर्शन में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, यह विरोध तब भड़का जब सरकार ने 20 से अधिक सोशल मीडिया ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया। छात्रों और नागरिक संगठनों ने इस कदम को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करार दिया।
प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की घेराबंदी कर नारेबाजी की और बैरिकेड तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। सुरक्षाबलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सरकार ने राजधानी के कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया है और इंटरनेट सेवाएं आंशिक रूप से बंद कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से लिया गया है, लेकिन विरोधी दलों ने इसे तानाशाहीपूर्ण कदम बताया है।
फोटो-थर्ड पार्टी



