“शहीद प्रणेश्वर कोच को श्रद्धांजलि” ,नक्सल समस्या का पूर्ण समाधान होगा : सीआरपीएफ महानिदेशक जी.पी. सिंह

विकास शर्मा
कोकराझार, 12 अगस्त 2025/असम.समाचार
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक जी.पी. सिंह ने आज कोकराझार जिले के मोगुरमारी, रव्हापारा स्थित शहीद प्रणेश्वर कोच के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रणेश्वर कोच, सीआरपीएफ की विशेष कोबरा बटालियन के साहसी जवान थे, जो 16 जुलाई को झारखंड के बोकारो जिले के लगु पहाड़, बिरहर्दार के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हो गए थे।

महानिदेशक सिंह ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद के पिता बिरेश्वर कोच, माता बबीता कोच और पत्नी सबित्री बसुमातारी से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और सीआरपीएफ की ओर से पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।

सिंह ने स्मृति सभा में घोषणा की कि शहीद के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी तथा आगे भी हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि वित्तीय सहायता की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और शीघ्र ही शहीद के पिता व पत्नी के खातों में अनुग्रह राशि जमा कर दी जाएगी।

मीडिया से बातचीत में जी.पी. सिंह ने कहा,”सीआरपीएफ हर संभव तरीके से शहीद के परिवार की मदद के लिए तैयार है।बहादुर जवान प्रणेश्वर कोच जैसे सिपाहियों के साथ हमें पूरा विश्वास है कि नक्सल समस्या का पूर्ण समाधान होगा।”



