सोहम एम्पोरिया, एबीसी में भीषण आग से हड़कंप

ओपी शर्मा
गुवाहाटी, 10 दिसंबर 2025/असम.समाचार
मंगलवार देर रात जीएस रोड स्थित सोहम एम्पोरिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें और धुएँ का गुबार देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँची और पूरी रात कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग अब नियंत्रण में है, मगर अभी भी घटना स्थल से धुआँ उठ रहा है और दमकल कर्मी एहतियातन कूलिंग प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। हालाँकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के कई हिस्सों में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दुकानों के अंदर रखे सामान तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
दमकल विभाग ने आग की वास्तविक वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में गहरी चिंता देखी जा रही है।



