“पाक कनेक्शन बनाम सियासी ड्रामा: हिमंत ने भेजी फाइल दिल्ली, गोगोई बोले—‘सुपर फ्लॉप शो’”
दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर से असम की राजनीति और अधिक गरमा गई है। जहां एक ओर भाजपा इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर गंभीर मामला बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक साजिश करार दे रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्रीय गृह मंत्रालय इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

गुवाहाटी 8 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बीच कथित पाकिस्तानी संबंधों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से जुड़े कथित पाकिस्तानी कनेक्शन के मामले को राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) को सौंपने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में तीन प्रमुख नाम सामने आए हैं, जिनमें एक सांसद, उनकी ब्रिटिश पत्नी और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसकी निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है। शर्मा ने आरोप लगाया कि उपलब्ध तथ्यों और जानकारियों को केंद्र सरकार के संज्ञान में लाया जा रहा है ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
वहीं, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें “बेहद बेतुका, निराधार और झूठा” बताया। गोगोई ने कहा कि यह सब राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है और भाजपा सरकार जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
गोगोई ने मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह “सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर” और “सुपर फ्लॉप” साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाकर राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं।
दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर से असम की राजनीति और अधिक गरमा गई है। जहां एक ओर भाजपा इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर गंभीर मामला बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक साजिश करार दे रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्रीय गृह मंत्रालय इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।
रिपोर्ट-विकास शर्मा, संवाददाता
फ़ाइल फ़ोटो-थर्ड पार्टी



