गुवाहाटी में खुले मैनहोल और फुटपाथ होंगे बंद – सीएम डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 9 सितम्बर 2025/असम.समाचार
दुर्गा पूजा से पहले गुवाहाटी की सड़कों और फुटपाथों को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने आज सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ बैठक कर खुले मैनहोल बंद करने, फुटपाथ सुधारने और मुख्य सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि नालों की सफाई के बाद ढक्कन को सही तरह से लगाना अनिवार्य होगा। इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
डॉ. शर्मा ने विशेष रूप से नूनमाटी से दिगलिपुखुरी तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर को पूजा से पहले आम जनता के लिए सुगम बनाने पर जोर दिया। साथ ही कछार और श्रीभूमि जिलों की मुख्य सड़कों को भी तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. के. के. द्विवेदी, जीएमसी आयुक्त एम. एस. लक्ष्मीप्रिया, पीडब्ल्यूडी आयुक्त एवं विशेष सचिव पबन तरंग, विशेष सचिव बिभूति सैकिया, मुख्य अभियंता (सड़क) संजीब श्याम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



