असम

डॉ भूपेन हज़ारिका की जन्म शताब्दी पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा का ‘गीतों से युग की यात्रा’ का आयोजन 14 सितम्बर को

विकाश शर्मा

गुवाहाटी, 3 सितंबर 2025/असम.समाचार

भारत रत्न, स्वर-सम्राट और असम की आत्मा माने जाने वाले डॉ. भूपेन हज़ारिका की जन्म शताब्दी के पावन अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है।

शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने बताया कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम “गीतों से युग की यात्रा” शीर्षक से 14 सितम्बर (रविवार) को दोपहर 3 बजे प्रतिष्ठित स्थल आई.टी.ए. (ITA), माछखोवा, गुवाहाटी में आयोजित होगा।

डॉ. हज़ारिका, जिन्हें स्नेहपूर्वक भूपेन दा कहा जाता है, ने अपने अमर गीतों से समाज को जोड़ने, इंसानियत का संदेश फैलाने और सीमाओं से परे मानवीय संवेदनाओं को जगाने का कार्य किया। उनके गीत “मानुष मानुषर लागि…” और “बिस्तीरे बिस्तीरे…” जैसे कालजयी सृजन आज भी एकता, करुणा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम संयोजक संदीप चमड़िया ने बताया कि इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भूपेन दा के बहुआयामी व्यक्तित्व पर अपने विचार रखेंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी।

शाखा उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने नागरिकों, समाजबंधुओं, युवा वर्ग एवं विभिन्न समुदायों से सपरिवार उपस्थित होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि असम की अस्मिता और साझा सांस्कृतिक विरासत का उत्सव होगा।

शाखा सचिव सूरज सिंघानिया ने कहा, “हम सभी मिलकर भूपेन दा को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके सपनों के अनुरूप भाईचारे, समरसता और सांस्कृतिक सौहार्द को और प्रगाढ़ बनाएंगे।”

यह जानकारी मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला द्वारा जनमानस के लिए जारी की गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!