अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ आमसू का नगांव में उग्र प्रदर्शन
सैकड़ों छात्र नेता हिरासत में, सरकार पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाने का आरोप

विकास शर्मा
नगांव, 12 जुलाई
ग्वालपाड़ा समेत असम के विभिन्न जिलों में जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में शनिवार को ऑल असम माइनॉरिटी स्टूडेंट्स यूनियन (आमसू) ने नगांव में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
आमसू नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर असम के मुस्लिम समुदाय को परेशान कर रही है। उनका कहना था, “सरकार मुसलमानों को बांग्लादेशी घोषित कर रही है और उनकी ज़मीन-जायदाद छीन रही है। यह केवल अतिक्रमण हटाने का अभियान नहीं, बल्कि समुदाय विशेष को निशाना बनाने की साज़िश है।”

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सैकड़ों छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। मौके पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
इस घटना ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। आमसू ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपनी “जनविरोधी” नीति नहीं बदली, तो विरोध और तेज़ किया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान कानून के तहत चलाया जा रहा है और इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है।



