फेसबुक पर श्यामकानु महंता ने जताया जान का खतरा, जुबिन गर्ग की मौत पर खुद को बताया ‘शिकार’ न्याय की मांग पर जुबिन के प्रशंसक
उधर, जुबिन गर्ग के लाखों प्रशंसक अब भी अपने प्रिय गायक की मौत पर न्याय की मांग कर रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

गुवाहाटी, 25 सितंबर 2025/असम.समाचार
लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के सिंगापुर में हुए आकस्मिक और दुखद निधन के एक सप्ताह बाद नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकनु महंता ने आखिरकार चुप्पी तोड़ी है। फेसबुक पर जारी एक वीडियो में महंता ने खुद को ‘पीड़ित’ बताते हुए दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है, जिसके कारण वे अब तक सिंगापुर से गुवाहाटी नहीं लौटे हैं।
असम सरकार द्वारा राज्य में किसी भी कार्यक्रम के आयोजन से प्रतिबंधित किए गए महंता ने अपने बयान में जुबिन की मौत को लेकर कोई खास पछतावा नहीं दिखाया। इसके बजाय उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ “कंगारू अदालतों” में झूठे प्रचार चलाए जा रहे हैं और लोगों द्वारा उन्हें दोषी ठहराया जा रहा है।
महंता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जुबिन गर्ग की मौत को लेकर उन्हें जिम्मेदार ठहराकर “टीआरपी बटोरने” में लगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जुबिन लंबे समय से नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल से ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़े रहे हैं और हर साल इस आयोजन का हिस्सा रहे हैं।
महंता ने कहा कि जुबिन के निधन की खबर उन्हें उस समय मिली जब वे सिंगापुर में बिजनेस लीडर्स के साथ एक बैठक में थे। सिद्धार्थ शर्मा ने उन्हें फोन कर यह दुखद सूचना दी। महंता ने इस दौरान खुद को किसी भी प्रकार के आरोपों से अलग बताते हुए मामले में सरकार से न्याय की गुहार लगाई।
उधर, जुबिन गर्ग के लाखों प्रशंसक अब भी अपने प्रिय गायक की मौत पर न्याय की मांग कर रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फ़ोटो सोर्स-श्यामक़ानू फेसबुक
ब्यूरो रिपोर्ट




