असमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंतीसरी आंखपॉलिटिकल तड़कामुद्दा गरम हैलेटेस्ट खबरें

श्रीभूमि में कांग्रेस कार्यालय में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाया गया, मचा बवाल,भाजपा नेताओं ने बताया देशद्रोह, कांग्रेस बोली रवींद्रनाथ टैगोर को दी श्रद्धांजलि

करुणा देव

श्रीभूमि (असम) 29 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

करीमगंज जिले में कांग्रेस सेवादल की कार्यकारिणी बैठक के दौरान एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। इंदिरा भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक के दौरान बांग्लादेश का राष्ट्रगान “ओ अमर सोनार बांग्ला” गाया गया। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में जबरदस्त हलचल मच गई है। कांग्रेस के “बांग्लादेश प्रेम” को लेकर भाजपा नेताओं और आम जनता में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

बताया जा रहा है कि यह घटना असम प्रदेश कांग्रेस सेवादल प्रमुख दीप बयान की मौजूदगी में हुई। बैठक में करीमगंज जिले के कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल थे, लेकिन किसी ने भी उस वक्त आपत्ति नहीं जताई।

राज्य के पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन मंत्री कृष्णेंदु पाल ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा “कांग्रेस की मौजूदा स्थिति से आप सभी वाकिफ़ हैं। मैं इसकी निंदा करता हूँ। हमें यह जानना चाहिए कि राष्ट्रगान कहाँ और किस अवसर पर गाया जाना चाहिए। कांग्रेस हमेशा ऐसे ही गैरजिम्मेदाराना कार्य करती है। मैं जिला आयुक्त से इस घटना की जांच करवाने को कहूँगा।”

 

इस बीच, श्रीभूमि जिला कांग्रेस कार्यालय में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतु रॉय और सेवादल के वरिष्ठ कार्यकर्ता विधु भूषण दास ने इस मामले पर सफाई दी।

विधु भूषण दास ने बताया कि बैठक की शुरुआत में “वंदे मातरम” और अंत में “जन गण मन” गाया गया था। बीच में उन्होंने खुद “ओ अमर सोनार बांग्ला” गीत की कुछ पंक्तियाँ गाईं, जो कि रवींद्रनाथ टैगोर की रचना है।

उन्होंने कहा “मैं रवींद्रनाथ टैगोर से गहरा लगाव रखता हूँ। मैंने यह गीत केवल भावनाओं में बहकर गाया, किसी देश के प्रति असम्मान दिखाने के लिए नहीं। अगर इसे देशद्रोह कहा जा रहा है, तो भाजपा नेता हर दिन इस शब्द का गलत अर्थ निकाल रहे हैं।”

 

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा इस घटना को राजनीतिक रंग दे रही है और देशभक्ति को अपने हिसाब से परिभाषित करने की कोशिश कर रही है।

हालांकि, मामला अब गर्मा गया है और प्रशासनिक स्तर पर जांच की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!