
डिंपल शर्मा
नगांव, 6 सितम्बर 2025/असम.समाचार
लायंस क्लब ऑफ नगांव ग्रेटर ने भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं सेवा निवृत्त प्रिंसिपल श्री जीबेश्वर देवगोस्वामी को सम्मानित किया गया।

क्लब के अध्यक्ष सुनील गोयनका की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सायरा बेगम के इनवोकेशन पाठ और दीप प्रज्वलन से हुआ। मंच पर जिला गवर्नर ललित कुमार कोठारी, जोन चेयरपर्सन निशा अग्रवाल, सचिव रमेश कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आनंद छाजेड़, मंजू कोठारी और कार्यक्रम संचालक अनिल शर्मा उपस्थित रहे।
श्री देवगोस्वामी को फुलम गमोसा, सेलेंग, जापी, पुस्तकें एवं उपहार भेंट कर अभिनंदित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “किसी भी बच्चे की प्रथम गुरु उसकी माँ होती है, फिर पिता, परंतु जीवन में आगे बढ़ने की शिक्षा उसके शिक्षक ही देते हैं।” उन्होंने अपने शिक्षक जीवन की कुछ यादें भी साझा कीं।
कार्यक्रम में गीता सैकिया भराली ने श्री देवगोस्वामी का जीवन परिचय प्रस्तुत किया और रेनू बरुआ ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया। अंत में डॉ. कंचन बाला बोरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर नगांव की विभिन्न लायंस संस्थाओं के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रामवतार अग्रवाल, आकाश खदरिया, नीरजा खाटूवाला, रेनू बरुआ, बिजय कुमार मंगलुनिया, सुनीता खेतान आदि का सहयोग रहा।



