असम में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, मौजूदा मतदाताओं को नहीं होगी कोई दिक्कत : सीईओ

असम डेस्क
गुवाहाटी, 19 नवंबर 2025/असम.समाचार
निर्वाचन आयोग द्वारा असम में मतदाता सूची के ‘विशेष पुनरीक्षण’ (एसआर) की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग गोयल ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा मतदाताओं को इस दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों ने हाल में अपना निवास स्थान बदला है, वे भी बिना कठिनाई अपने नए पते पर मतदाता नामांकन करा सकेंगे।

सीईओ गोयल के अनुसार, नये निवासी जिनमें अतिक्रमण की गई सरकारी भूमि से हाल में बेदखल किए गए लोग भी शामिल हैं अपना पूर्व मतदाता विवरण प्रस्तुत कर आसानी से नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अगले वर्ष की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है।

इससे पहले निर्वाचन आयोग ने सोमवार को असम में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का आदेश जारी किया, जिसके तहत अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग के निर्देशों के अनुसार 1 जनवरी 2026 को पात्रता तिथि माना जाएगा।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने किया स्वागत
राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि असम सरकार पूर्ण सहयोग के साथ विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भी पात्रता तिथि 1 जनवरी 2026 को उपयुक्त कदम बताया।

चुनावी तैयारियों के मद्देनज़र राज्य भर में निर्वाचन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित हो सकें और किसी को भी मतदान के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।




