शिवसागर : जुबिन गर्ग को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

केशव पारीक
शिवसागर,3 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शिवसागर में कैंडललाइट मार्च आयोजित किया। यह कार्यक्रम पार्टी के राज्यव्यापी आंदोलन “जस्टिस फॉर जुबिन” अभियान का हिस्सा था।
कार्यक्रम में जोरहाट लोकसभा सांसद एवं असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री पबन सिंह घटोवार समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कैंडल मार्च में कांग्रेस नेताओं ने जुबिन गर्ग के परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति एकजुटता जताई और आरोपियों को सजा दिलाने में हो रही देरी पर तीखी नाराज़गी व्यक्त की।
गौरव गोगोई ने कहा, “कांग्रेस पार्टी जुबिन गर्ग के परिवार और उनके करोड़ों चाहने वालों के साथ खड़ी है। जब तक न्याय नहीं मिलता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
कांग्रेस ने घोषणा की है कि “जस्टिस फॉर जुबिन” अभियान को चरणबद्ध तरीके से राज्य के विभिन्न जिलों में जारी रखा जाएगा, ताकि इस मुद्दे पर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जा सके।
इस मौके पर पार्टी ने जुबिन गर्ग की याद में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग को और तेज करने का संकल्प लिया।




