जोरहाट में भीषण विस्फोट, एक की मौत, दो बच्चे गंभीर, उपचार के दौरान 8 वर्षीय बच्ची ने भी तोड़ा दम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

दीपक मुख्तियार,
जोरहाट, 28 मार्च 2026/असम.समाचार
असम के जोरहाट शहर के राजामैदान न्यू कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में शनिवार को हुए भीषण विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उपचार के दौरान एक बच्चे की भी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि नूर मोहम्मद का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना में घायल दो बच्चों एक 7 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी को गंभीर अवस्था में जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान 8 वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया, जबकि 7 वर्षीय बच्चे की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि विस्फोट किस कारण से हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।



