मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा ने मनाया शिल्पी दिवस
मुख्य अतिथि विधायक रूपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि रूपकुंवर ज्योति प्रसाद अग्रवाला के आदर्शों और उनकी जीवनी को जीवन में उतारने की आवश्यकता है तथा नई पीढ़ी को ज्योति संगीत से जोड़ना समय की मांग है।

डिंपल शर्मा
नगांव 17 जनवरी 2026/असम.समाचार
रूपकुंवर ज्योति प्रसाद अग्रवाला की पुण्यतिथि शिल्पी दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा ने असम साहित्य सभा नगांव जिला समिति, नगांव पौर सभा एवं नगांव भोगाली बिहू आयोजन समिति के सहयोग से संयुक्त रूप से शिल्पी दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम रुपकुंवर चौक स्थित ज्योति प्रसाद अग्रवाला की प्रतिमा के समक्ष संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्वलन किया तथा ज्योति प्रसाद अग्रवाला की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिल्पी दिवस के अवसर पर इस वर्ष नगांव के प्रसिद्ध टुकारी गीत गायक एवं कंठ शिल्पी, गुमोठागांव निवासी गुलाब बोरा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें फुलाम गमछा, सेलिंग चादर, सम्मान पत्र, मोमेंटो, जापी तथा 5,000 रुपये की नगद राशि प्रदान कर अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक रूपक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि रूपकुंवर ज्योति प्रसाद अग्रवाला के आदर्शों और उनकी जीवनी को जीवन में उतारने की आवश्यकता है तथा नई पीढ़ी को ज्योति संगीत से जोड़ना समय की मांग है।
इस अवसर पर नगांव पौर सभा की सभापति अंबिका मजूमदार, उपसभापति सीमांत बोरा, मारवाड़ी सम्मेलन नगांव शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी, सचिव विजयराज किल्ला, कोषाध्यक्ष बालकिशन दादलिका, सहसचिव अरुण नागरका, सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष जुगल किशोर जाजोदिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। साथ ही तेरापंथ, अग्रवाल एवं महेश्वरी समाज की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, रूपकुंवर चौक व्यावसायिक संस्था के सदस्यगण तथा साहित्य सभा, पौर सभा एवं भोगाली बिहू आयोजन समिति के अनेक सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था सम्मेलन के पूर्व शाखाध्यक्ष एवं संयोजक प्रदीप शोभासरिया द्वारा की गई। कार्यक्रम की सफलता पर अध्यक्ष प्रमोद कोठारी ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


