असमलेटेस्ट खबरेंसामाजिक

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा ने किया रोई-रोई बिनाले का विशेष प्रदर्शन

सोनल शर्मा,

गुवाहाटी 15 नवंबर 2025/असम.समाचार

मारवाड़ी सम्मेलन की गुवाहाटी महिला शाखा ने प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं संगीतकार स्वर्गीय जुबीन गर्ग की अंतिम धरोहर फिल्म रोई-रोई बिनाले का विशेष प्रदर्शन एटी रोड एवं एचबी रोड स्थित केल्विन सिनेमा हॉल में किया। इस आयोजन के माध्यम से महिला शाखा ने दिवंगत कलाकार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में केल्विन सिनेमा हॉल के प्रबंध निदेशक शंकरलाल गोयनका ने फिल्म प्रदर्शन के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया।

प्रदर्शन से पूर्व सम्मानित अतिथियों शंकरलाल गोयनका, मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश चांडक, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) विनोद लोहिया, विशिष्ट समाजसेवी एवं उद्योगपति कैलाश लोहिया, वरिष्ठ पत्रकार चंद्र प्रकाश शर्मा, पंकज पोद्दार और अजय पोद्दार ने जुबीन गर्ग के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर महिला शाखा की अध्यक्ष संतोष शर्मा, शाखा कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया, शाखा सलाहकार सरला काबरा, मंजू पाटनी, सरोज मित्तल, इंदिरा जिंदल, कार्यक्रम संयोजिका रश्मि जैन एवं ज्योति शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।

शंकरलाल गोयनका ने कहा कि जुबीन गर्ग की अंतिम फिल्म का उनके सिनेमा हॉल में महिला शाखा द्वारा प्रदर्शन करवाना अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने इसे जुबीन गर्ग की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे सहेजकर रखने की बात कही। प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा ने बताया कि गुवाहाटी शाखा के बाद महिला शाखा द्वारा यह फिल्म का दूसरा सफल प्रदर्शन है, जिसे मारवाड़ी समाज के कई सदस्यों ने देखा और कलाकार को याद किया।

दर्शकों ने फिल्म की गुणवत्ता, अभिनय, संवाद, पटकथा, गीत-संगीत और निर्देशन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जुबीन गर्ग द्वारा निभाए गए अंधे व्यक्ति के सशक्त चरित्र को सभी ने बेहद प्रभावी बताया। उत्कृष्ट सिनेमेटोग्राफी और अंग्रेज़ी सबटाइटल्स ने फिल्म को हर दर्शक के लिए सहज एवं आकर्षक बनाया।

फिल्म के अंत तक दर्शक भावनात्मक रूप से जुड़े रहे तथा कई लोगों ने जुबीन गर्ग की कमी को गहराई से महसूस किया।

सम्मेलन महिला शाखा के इस प्रेरणादायक सांस्कृतिक आयोजन के लिए उपस्थित समाज-बंधुओं ने हार्दिक आभार व्यक्त किया।

 

यह प्रेस विज्ञप्ति जन-साधारण की जानकारी हेतु शाखा की जनसंपर्क सचिव विद्या कुंडलिया द्वारा जारी की गई है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!