गुवाहाटीसामाजिक

मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा ने अंतरराष्ट्रीय रोल बॉल विजेता मयंक अग्रवाल का किया सम्मान, गोशाला में शीतल जल मशीन स्थापना के साथ मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा ने किया मानव सेवा का पुनीत कार्य

ओपी शर्मा

गुवाहाटी, 23 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा समाज के प्रतिभाशाली युवा मयंक अग्रवाल के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया।
मयंक अग्रवाल ने हाल ही में ओमान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोल बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि असम राज्य एवं समूचे मारवाड़ी समाज के लिए गर्व का विषय बनी।

शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला, उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, सचिव सूरज सिंघानिया, कार्यकारिणी सदस्य विनोद कुमार जिंदल, माखन लाल अग्रवाल एवं अशोक सेठिया ने मयंक अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उन्हें असमिया फूलाम गमछा एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि मयंक की यह सफलता न केवल व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी है कि समाज के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।

इस अवसर पर मयंक के माता-पिता राजकुमार अग्रवाल एवं श्रीमती प्रीति अग्रवाल को भी पारंपरिक असमिया गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा “समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हम अपने युवाओं के प्रयासों की सराहना करें और उन्हें निरंतर प्रेरित करते रहें। मयंक जैसे युवा हमारे समाज का गौरव हैं।”

समारोह में शाखा की ओर से भविष्य में भी ऐसे युवा प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

सम्मेलन के और एक सामाजिक कार्यक्रम के तहत

मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा गोशाला में शीतल जल मशीन का शुभारंभ

मानव सेवा और समाज कल्याण की भावना को समर्पित एक सराहनीय पहल के तहत मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा एवं भुवालका परिवार के सहयोग से श्री गोहाटी गोशाला परिसर में आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक शीतल जल मशीन की स्थापना की गई।

यह मशीन गोशाला में आने वाले श्रद्धालुओं, आगंतुकों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं को हर मौसम में शीतल पेयजल उपलब्ध कराने में सहायक होगी। यह पहल समाज में मानवता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देती है।

इस मशीन का उद्घाटन गोशाला के ट्रस्टी इंचार्ज एवं सम्मेलन के संरक्षक अशोक धानुका के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला, उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, सचिव सूरज सिंघानिया, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, तथा कार्यकारिणी सदस्य माखनलाल अग्रवाल, विनोद कुमार जिंदल, प्रभास अग्रवाल एवं अशोक सेठिया सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा “मानव सेवा सर्वोपरि है। गोशाला में शीतल जल की यह मशीन श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ सेवा और करुणा के संस्कारों को प्रोत्साहित करने वाली पहल है।”

संरक्षक अशोक धानुका ने भुवालका परिवार की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इससे गोशाला में आने वाले श्रद्धालुओं को अत्यंत प्रसन्नता होगी।

कार्यक्रम का समापन मंगलभाव और हर्षोल्लास के साथ हुआ। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वच्छता एवं सेवा के संकल्प के साथ सामूहिक रूप से “जय गोमाता” का उद्घोष किया।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!