
विकास शर्मा
गुवाहाटी 6 सितंबर 2025/असम.समाचार
श्री शंकरदेव नेत्रालय द्वारा आयोजित 40वें राष्ट्रीय नेत्रदान दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा को सम्मानित किए जाने का गौरव प्राप्त हुआ। यह सम्मान शाखा के निरंतर सामाजिक सेवा, जनजागरण और नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के कार्यों की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया।
समारोह में शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “अंधकार से बड़ा कोई दुःख नहीं और प्रकाश से बड़ी कोई संपत्ति नहीं। नेत्रदान वह महान कार्य है जिसके माध्यम से हम अपने जाने के बाद भी किसी की ज़िंदगी रोशन कर सकते हैं।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नेत्रदान का संकल्प लेने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर शाखा के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने कहा कि नेत्रदान जैसा पुण्य कार्य केवल एक व्यक्ति की जिंदगी ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सोच को बदलने का सामर्थ्य रखता है। वहीं नेत्रदान एवं रक्तदान संयोजक बजरंग सुराणा और सचिव सूरज सिंघानिया ने इसे शाखा के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक मेहनत और सहयोग का परिणाम बताया।
शाखा अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने कहा कि, “श्री शंकरदेव नेत्रालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से यह सम्मान प्राप्त करना हमारे लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणादायी है। हम भविष्य में भी समाजहित के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा सेवा और परोपकार की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा नेत्रदान सहित अन्य मानव सेवा कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
इस आशय की जानकारी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला द्वारा दी गई।



