असमगुवाहाटीधर्म और आस्थाशिक्षासामाजिक

मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा, गुवाहाटी द्वारा कन्या पूजन कार्यक्रम सम्पन्न

सोनल शर्मा

गुवाहाटी, 25 सितम्बर 2025/असम.समाचार

नवरात्रि के पावन अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा, गुवाहाटी द्वारा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा की अध्यक्षता में बटालियन गेट स्थित प्राची कडल कॉर्नर स्कूल में श्रद्धा और उल्लास के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत असम के सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ और अनमोल रत्न जुबिन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने कहा, “जब-जब संगीत की चर्चा होगी, असम के इस महान गायक को सदैव याद किया जाएगा। उनके असमय निधन से प्रदेश को अपार क्षति हुई है।”

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय अध्यक्ष श्री कैलाश काबरा उपस्थित रहे। उन्होंने सभी 51 कन्याओं को ₹100-₹100 देकर उनका उत्साहवर्धन किया। शाखा की ओर से विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ममता शर्मा तथा श्री ऋषि अग्रवाल को गमछा एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय की अन्य सभी अध्यापिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

कन्या पूजन के अंतर्गत छोटी-छोटी कन्याओं का विधिवत तिलक कर उन्हें उनकी पसंद की वस्तुओं से भरे किट और खाद्य सामग्री प्रदान की गई। अन्य सभी बच्चों को चॉकलेट और फ्रूटी वितरित की गई। कार्यक्रम में कुछ नन्हीं कन्याओं ने मां दुर्गा की स्तुति में मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का हृदय जीत लिया।

कार्यक्रम की सफल व्यवस्था संयोजिकाएं श्रीमती बिंदु मोहता एवं श्रीमती मधु हरलालका ने संभाली। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष श्रीमती शांति कुंडलिया, सलाहकार श्रीमती इंदिरा जिंदल, श्रीमती मीनू दूधोडिया, श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती अलका अग्रवाल, श्रीमती संतोष धानुका एवं श्रीमती संगीता पोद्दार सहित महिला शाखा की कई पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती विद्या कुंडलिया द्वारा दी गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!