लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा पीस पोस्टर प्रतियोगिता के दूसरे चरण का सफल आयोजन

ओपी शर्मा
गुवाहाटी, 29 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा आज स्थानीय पानबाजार हाई स्कूल में पीस पोस्टर प्रतियोगिता के दूसरे चरण का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता लायंस इंटरनेशनल की एक वैश्विक पहल है, जिसका उद्देश्य विश्वभर में शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ असम के महान कलाकार स्वर्गीय जुबीन दा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रसिद्ध गीत “मायाबिनी” के गायन से किया गया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को गहराई से प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से शांति के विविध आयामों को सुंदरता से चित्रित किया। किसी ने मानवता के माध्यम से शांति का संदेश दिया, तो किसी ने प्रकृति और सद्भावना को अपने चित्रों में जीवंत किया। इस पहल ने न केवल बच्चों की रचनात्मकता को मंच दिया बल्कि उनमें वैश्विक भाईचारे, सहिष्णुता और सामंजस्य की भावना को भी प्रबल किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में लायन वंदना मिंडा हेडा ने संयोजक की भूमिका निभाई। क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने बताया कि क्लब के सदस्यों की उत्साही उपस्थिति ने इस आयोजन को अत्यंत सफल बनाया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में युवाओं को सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और शांति के मूल्यों की प्रेरणा मिलती है।





