गोलकगंज में कोच राजवंशी समुदाय पर लाठीचार्ज, कई घायल

राजा शर्मा
धुबड़ी, 10 सितम्बर 2025/असम.समाचार
धुबड़ी जिले के गोलकगंज थाना अंतर्गत आज कोच राजवंशी जनगोष्ठी से जुड़े लोगों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, अखिल असम कोच राजवंशी छात्र संगठन (AAKRSS) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सह-जिला आयुक्त कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया था।
प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने “गोलकगंज पुलिस हाय-हाय”, “असम सरकार हाय-हाय”, “बीजेपी सरकार हाय-हाय” और “ओसी गो बैक” जैसे नारे लगाए। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को धुबड़ी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
लाठीचार्ज के बाद गोलकगंज में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है ताकि हालात पर नियंत्रण रखा जा सके।
छात्र संगठन के नेताओं ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए कहा कि यह “राजवंशी जनगोष्ठी के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र” है। उनका कहना है कि जब तक राज्य सरकार इस लाठीचार्ज की घटना पर स्पष्ट जवाब नहीं देती, आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यक होने पर अनिश्चितकालीन राष्ट्रीय राजमार्ग अवरोध भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोच राजवंशी जनगोष्ठी लंबे समय से कामतापुर राज्य की स्थापना सहित कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत है। आज का शांतिपूर्ण धरना भी इन्हीं मांगों को लेकर किया गया था, लेकिन पुलिस कार्रवाई ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।



