कोकराझार दुष्कर्म मामला: पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल, दो जवान भी जख्मी

कनक चन्द्र बोड़ो
कोकराझार, 11 जनवरी 2026/असम.समाचार
कोकराझार दुष्कर्म मामले में रविवार शाम बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस हिरासत में मौजूद मुख्य आरोपी रफीकुल इस्लाम पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। इस घटना में कोकराझार पुलिस के दो जवान भी जख्मी हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नबनीता सरमा ने बताया कि शनिवार को कोकराझार में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न होने के बाद आरोपी रफीकुल इस्लाम को रानीघुली में रखा गया था। रविवार शाम उसे कोकराझार लाया जा रहा था। इसी दौरान उसने शौच जाने के बहाने भागने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, भागने के प्रयास के दौरान आरोपी ने साथ चल रहे पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर उन पर हमला कर दिया।
आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें रफीकुल इस्लाम के बाएं पैर में गोली लगी।
वहीं, इस झड़प में कोकराझार पुलिस के दो जवानों के हाथ और पैर में चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी को तत्काल कोकराझार के आरएनबी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


