जुबिन गर्ग मौत: असम सीआईडी ने गवाहों को 10 दिनों में पेश होने का नोटिस जारी किया

विकास शर्मा,
गुवाहाटी, 27 सितंबर 2025/असम.समाचार
असम पुलिस की क्राइम इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने शुक्रवार को उन लोगों को नोटिस जारी किया है जो सिंगापुर में गायक जुबिन गर्ग की मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में जानकारी रखते हैं या उस समय वहां मौजूद थे। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, नोटिस में उन्हें 10 दिनों के भीतर सीआईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि जुबिन गर्ग की मौत की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी ने गुरुवार को ही ‘पूर्वोत्तर भारत महोत्सव’ के आयोजक श्यामकानु महंत के आवास पर तलाशी जारी रखी थी। शुक्रवार को भी जांच दल ने संबंधित स्थान पर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की समीक्षा की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गवाहों से पूछताछ के बाद ही घटनाक्रम के हर पहलू की जांच पूरी तरह से संभव होगी। मामले की संवेदनशीलता और सार्वजनिक रुचि को देखते हुए, जांच दल ने गवाहों को समय पर पेश होने की चेतावनी दी है।
जुबिन गर्ग की मौत ने पूरे असम और पूर्वोत्तर में शोक की लहर दौड़ा दी थी। इस मामले में आगे की जांच और एसआईटी की कार्रवाई पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।




