असमगुवाहाटी

जुबिन दा को पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन और गुवाहाटी बिहु सम्मेलन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

विकास शर्मा

गुवाहाटी, 20 सितम्बर 2025/असम.समाचार

पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा आज पश्चिम गुवाहाटी बिहु सम्मेलन के साथ संयुक्त रूप से भरालुमुख स्थित अनुपम बिल्डिंग के नीचे श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ युवा महान शिल्पी जुबिन गर्ग की तस्वीर पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन का कार्य दोनों संस्थाओं के प्रमुख रबुल दा और कैलाश काबरा ने किया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने पुष्पांजलि अर्पित की और मोमबत्ती जलाकर अपने प्रिय गायक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा में प्रसिद्ध गायक शिल्पी संदीप चमड़ियां ने जुबिन दा का जीवन परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि दिवंगत कलाकार ने 38 हजार से अधिक गाने गाए, चालीस भाषाओं में गायन किया और एक ही दिन में 38 गाने रिकॉर्ड कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। संदीप चमड़ियां ने उनके लोकप्रिय गीतों को गाकर श्रद्धांजलि दी, वहीं उपस्थित लोग भी नम आंखों से गीत गुनगुनाते रहे।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, महामंत्री रमेश कुमार चांडक और उपाध्यक्ष विनोद लोहिया ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए जुबिन दा को “असम के दिलों का सम्राट” बताया। उन्होंने कहा कि इस असामयिक घटना से असम ने एक महामना खो दिया है। साहित्यिक व्यक्तित्व गोपाल जालान और किशोर काला ने भी अपने विचार रखते हुए महान कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में गुवाहाटी शाखा, कामरूप शाखा, गुवाहाटी महिला शाखा, गुवाहाटी मेट्रो शाखा समेत माहेश्वरी सभा गुवाहाटी के अध्यक्ष सीताराम बिहानी, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन जाजोदिया और मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राज चौधरी ने भी भाग लिया और श्रद्धांजलि दी।

रात तक संगीतमय श्रद्धांजलि का कार्यक्रम चलता रहा और बड़ी संख्या में जन समुदाय दिवंगत गायक को श्रद्धांजलि अर्पित करता रहा।

इस आशय की जानकारी प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!