होजाई:भक्ति और उल्लास के बीच शुरू हुआ हनुमान जन्मोत्सव, कलश यात्रा में गूंजे “जय श्री राम” के नारे
तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ, झांकियों और धार्मिक आस्था से सजा लक्ष्मी नारायण मंदिर

निरंजन सरावगी,
होजाई, 1 अप्रैल 2026/असम.समाचार
मारवाड़ी पंचायत के सौजन्य से हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा स्थानीय लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के साथ अंजनी पुत्र भगवान हनुमान का जन्मोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शुरू हुआ।
कार्यक्रम के तहत दोपहर लगभग 4 बजे स्थानीय बालाजी इंजीनियरिंग परिसर में लाला पंडित जी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यजमान राजेश मोर और माया मोर द्वारा विधि-विधान से कलशों की पूजा-अर्चना कराई गई। इसके बाद समाज के वरिष्ठ सदस्य गजानंद केजरीवाल और तेज प्रताप चनानी ने झंडा दिखाकर भव्य कलश यात्रा को रवाना किया।
कलश यात्रा जे.के. केडिया रोड से निकलकर स्वरूपानंद रोड और लालपट्टी होते हुए लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुँची। पूरे मार्ग में “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के गगनभेदी नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा की विशेष आकर्षण विभिन्न झांकियां रहीं, जिनमें राम दरबार, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, सीता हरण के दृश्य तथा छोटे-छोटे बच्चों द्वारा सजीव रूप में प्रस्तुत हनुमान की झांकियां शामिल थीं। इन झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर लक्ष्मी नारायण मंदिर को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
कार्यक्रम का आयोजन मारवाड़ी पंचायत के अध्यक्ष लावण्य कुमार अग्रवाल, सचिव रमेश मूंदड़ा तथा संयोजक राजेश केजरीवाल और प्रमोद अग्रवाल के नेतृत्व में किया जा रहा है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान हनुमान को शक्ति, भक्ति और निष्ठा का प्रतीक माना जाता है तथा उनके जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना करने से संकटों से मुक्ति और जीवन में साहस व ऊर्जा का संचार होता है।



