बाल दिवस पर चेतना लेडीज़ क्लब का हृदयस्पर्शी कार्यक्रम, 31 बच्चों ने बिताई सीख व खुशी से भरी यादगार सुबह
क्लब और ‘अनुभूति’ ने समाज के बच्चों के लिए सीख, खुशी और प्रेरणा से जुड़े ऐसे सराहनीय उपक्रम आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

विकास शर्मा
गुवाहाटी, 14 नवंबर 2025/असम.समाचार
बाल दिवस के अवसर पर चेतना लेडीज़ क्लब ने रिहाबाड़ी स्थित द ब्लू लैडर ट्रस्ट की निःशुल्क सामुदायिक लाइब्रेरी ‘अनुभूति’ के सहयोग से बॉटैनिकल गार्डन, एम. जी. रोड में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रकृति की गोद में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने कहानी, खेल, सीख और आनंद से भरी एक यादगार सुबह बिताई।
कार्यक्रम में कुल 31 बच्चे शामिल हुए और विभिन्न रोचक गतिविधियों व कहानियों में भाग लेकर उनके चेहरों पर खुशी की खिलखिलाहट साफ झलक रही थी। बच्चों को चेतना लेडीज़ क्लब की ओर से जूस, फूड पैकेट्स और उपहार भी प्रदान किए गए, जिससे उत्सव का आनंद दोगुना हो गया।
क्लब की अध्यक्ष श्रीमती ममता हारलालका ने कहा,
“बच्चों की मासूम मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है। आज उनके साथ समय बिताकर मन को अपार संतोष मिला। ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।”
सचिव श्रीमती स्वेता सोमानी ने बताया,
“हमारा उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंदपूर्ण और प्रेरक वातावरण देना है। उनकी आँखों में खुशी की चमक देखकर लगा कि हमारा प्रयास सार्थक हुआ।”
कोषाध्यक्ष श्रीमती मीना मौऱ ने कहा,
“सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
कार्यक्रम में चेतना लेडीज़ क्लब की सभी सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्लब और ‘अनुभूति’ ने समाज के बच्चों के लिए सीख, खुशी और प्रेरणा से जुड़े ऐसे सराहनीय उपक्रम आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।




