लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा रक्तदान शिविर एवं गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन
ओपी शर्मा, संवाददाता, गुवाहाटी

गुवाहाटी 27 जनवरी 2026/असम.समाचार
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर ने मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप देते हुए एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। स्थानीय आठगांव स्थित मारवाड़ी हॉस्पिटल के ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में कुल 21 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक संग्रहित किया गया।
यह सराहनीय सेवा कार्य शिविर संचालक लायन सुमित झावर के समर्पण, कुशल नेतृत्व एवं निष्ठापूर्ण प्रयासों से संभव हो सका। इस अवसर पर लायन विनोद जैन, लायन अरुणा जैन, लायन विकास पाटनी, लायन सुमित झावर एवं लायन नीरू काबरा ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में क्लब के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा के नेतृत्व में क्लब द्वारा अंगीकृत विद्यालय विवेकानंद कल्याण केंद्र जातीय शिक्षा निकेतन, उदालबाकरा के प्रांगण में गणतंत्र दिवस को अत्यंत उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रीय धुन का गायन किया गया। इसके उपरांत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही असम के महान गायक जुबीन गर्ग को भी श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र एवं संस्कृति के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
सेवा गतिविधियों के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों को बिस्कुट, चॉकलेट एवं चिप्स के पैकेट वितरित किए गए। विद्यालय के शिक्षकों को सम्मान स्वरूप गुलाम गमछा पहनाकर उनका आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, गणतंत्र दिवस पर भाषण एवं कला संकलन ने समारोह को और भी भावपूर्ण एवं मनमोहक बना दिया।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब के सचिव लायन रमेश जैन ने सभी रक्तदाताओं, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह मानव सेवा एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।


