मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा असम T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
विकाश शर्मा, संवाददाता

गुवाहाटी, 22 जनवरी 2026/असम समाचार
मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा द्वारा आयोजित असम T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आज प्रातः 8:00 बजे जजेज फील्ड में हुआ।प्रतियोगिता का उद्घाटन गुवाहाटी नगर निगम के कमिश्नर चिन्मय प्रकाश फुकन ने किया।
इस अवसर पर बीसीसीआई क्यूरेटर मुकुट कलिता, प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा तथा वरिष्ठ समाजसेवी प्रदीप भड़ेच विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को फूलों का गुलदस्ता, गमछा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि चिन्मय प्रकाश फुकन ने सर्वसमाज के खिलाड़ियों को साथ लेकर इस प्रकार की खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए सम्मेलन की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ प्रतिवर्ष आयोजित की जानी चाहिए, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
विशिष्ट अतिथियों एवं समाजसेवियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के अध्यक्ष शंकर बिड़ला ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन चार मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन राहुल लोहिया एवं साहिल भड़ेच तथा कन्वेनर प्रवीण डागा एवं रमेश दमानी के योगदान की सराहना की गई।
शाखा मंत्री सूरज सिंघानिया ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें असम के लगभग 140 प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आज प्रतियोगिता स्थल पर ऑल इंडिया आर्म रेसलिंग के अध्यक्ष कैलाश शर्मा, क्राइम ब्रांच के एसीपी हेमन दास एवं नगर पार्षद प्रमोद स्वामी ने भी उपस्थिति दर्ज कराई और मारवाड़ी सम्मेलन के खेल क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इसी क्रम में, जीएसऐ के नवीन कार्यालय के उद्घाटन सत्र के दौरान उपस्थित बीसीसीआई सचिव देवोजीत लोन सैकिया को भी मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा की ओर से गमछा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सैकिया ने आयोजन की सराहना करते हुए सम्मेलन के प्रयासों को अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज काला, शाखा उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सोनी, प्रचार मंत्री विवेक सांगानेरिया सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रभास अग्रवाल, विकास जैन, राकेश भाटर, राजेश भजनका, विनोद कुमार जिंदल एवं अशोक सेठिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनोज चांडक ने कुशलतापूर्वक किया।



