असमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईधर्म और आस्थालेटेस्ट खबरेंसामाजिक

धार्मिक महिला समिति के तत्वावधान में नववर्ष पर “एक शाम राम के नाम” का भव्य आयोजन

कार्यक्रम को सफल बनाने में धार्मिक महिला समिति की सभी सदस्यों, समाजबंधुओं एवं विशेष रूप से युवा वर्ग का उल्लेखनीय योगदान रहा।

न्यूज़ डेस्क

बरपेटा रोड, 5 जनवरी 2026/असम.समाचार

नववर्ष 2026 के शुभ, मंगलमय एवं पावन आगमन के अवसर पर धार्मिक महिला समिति, बरपेटा रोड के तत्वावधान में रविवार, 4 जनवरी 2026 को श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में भव्य भजन संध्या “एक शाम राम के नाम” का दिव्य एवं भावपूर्ण आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

सायं 5 बजे से आयोजित इस आध्यात्मिक संध्या में राष्ट्रीय संत नवराज प्रपन्न महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के शुभारंभ पर समिति की महिलाओं द्वारा महाराज जी का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। इसके पश्चात भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

समाज के वरिष्ठजनों द्वारा महाराज जी का पुष्पमाला से अभिनंदन किया गया, वहीं धार्मिक महिला समिति की सदस्यों ने शाल ओढ़ाकर सम्मान-वंदन किया। कार्यक्रम में उपस्थित वाद्य-वादक कलाकारों का स्वागत युवा वर्ग द्वारा उत्साहपूर्वक किया गया।

महाराज जी एवं उनके भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत सुमधुर, भक्तिरस से ओतप्रोत भजनों से संपूर्ण सभागार राममय वातावरण में परिवर्तित हो गया। श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के नामस्मरण में भावविभोर होकर झूमते नजर आए। अपने प्रवचन में महाराज जी ने कहा कि जहाँ नववर्ष पर लोग प्रायः भ्रमण और पिकनिक को प्राथमिकता देते हैं, वहीं धार्मिक महिला समिति द्वारा भगवान के नाम के साथ नववर्ष का स्वागत करना एक अनुकरणीय पहल है। यह प्रयास नई पीढ़ी को संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने समिति की बहनों के अनुशासन, उत्साह एवं भजन के माध्यम से गुरु स्वागत की शैली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी समिति द्वारा भी महाराज जी का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में धार्मिक महिला समिति की सभी सदस्यों, समाजबंधुओं एवं विशेष रूप से युवा वर्ग का उल्लेखनीय योगदान रहा। मंच सज्जा से लेकर प्रसाद निर्माण एवं वितरण तक की समस्त व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न की गईं। कार्यक्रम के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।

बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति, समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आध्यात्मिक संध्या अत्यंत सफल, स्मरणीय एवं प्रेरणादायी रही।

यह जानकारी धार्मिक महिला समिति की सचिव द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!