श्री शिलांग गौशाला में गोपाष्टमी पर्व पर हुआ भव्य गौ पूजन समारोह

सुशील दाधीच
शिलांग, 29 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
लोक आस्था और गौ सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री शिलांग गौशाला परिसर में बुधवार को बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गौशाला समिति की ओर से विधिवत गौ पूजन संपन्न कराया गया।
गौशाला परिसर में बच्चों और परिवारों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने खेल मंच एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉलों ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। श्रद्धालुओं ने गौमाताओं को गुड़, घास, रोटी आदि अर्पित कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, जिन्होंने वर्षों पूर्व शिलांग में गौशाला की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी, भी उपस्थित रहे। उनके प्रेरणास्रोत कार्यों को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी आज समाज के सहयोग से इस गौशाला का संचालन सफलता पूर्वक कर रही है।
गौशाला समिति के अध्यक्ष अजय झुनझुनवाला, सचिव पवन बाजोरिया, कोषाध्यक्ष रणजीत सुराणा सहित अजय अग्रवाल, सुरज जसरासरिया, अमन पंसारी, विजय गोयल, बिमल बजाज, रामोतार बजाज, त्रिलोक पीपलवा, अमित सिंघानिया, पियुष अजमेरा समेत मारवाड़ी समाज के अनेक गणमान्य गौभक्तों की उपस्थिति रही। समाज की अनेक महिलाओं एवं बच्चों ने भी गौसेवा में भाग लिया।
गौ पूजन के दौरान उपस्थित भक्तों ने एक-दूसरे से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की तथा गौसेवा को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की। समिति द्वारा बताया गया कि शिलांग जैसे ठंडे मौसम में गायों के खान-पान और देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कई वर्ष पूर्व स्थापित यह गौशाला आज सैकड़ों गौवंशों का सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण घर बन चुकी है। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कार्यक्रम का हिस्सा बने।
गौशाला समिति की ओर से सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
Advertisement





