
असम डेस्क
गुवाहाटी, 28 नवंबर 2025/असम.समाचार
बशिष्ठ थाना की ईजीपीडी टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर सोमवार देर शाम जोराबाट नाका चेक प्वाइंट पर एक वाहन को रोककर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान टीम ने वाहन (AS01-EV-8157) से 7 सोने की बिस्कुट बरामद की, जिनका कुल वजन 690.94 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने वाहन को मौके पर ही सीज कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित तस्कर मोहम्मद सालेह मुराझार, निवासी मुराझार (होजाई), को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसके खिलाफ सोना तस्करी के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद सोने को लेकर सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि तस्करी की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस की इस सफल कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क पर फिर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।




