सिलचर चेंकुरी बाइपास पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, मंगेतर के सामने वारदात
सात युवकों पर बर्बरता का आरोप, एक गिरफ्तार; मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

करुणा देव,
सिलचर 25 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
असम के सिलचर शहर में चेंकुरी बाइपास पर एक युवती ने सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि सात युवकों ने उसके मंगेतर के सामने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के संबंध में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह गुरुवार रात करीब 8 बजे अपने मंगेतर के साथ कार से घूमने निकली थी।
चेंकुरी बाइपास पर गाड़ी रोककर दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी एक थार वाहन में सवार सात युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसके मंगेतर को जबरन खींचकर कुछ दूरी पर ले जाकर रोके रखा और इसके बाद बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और लगभग 10 हजार रुपये भी छीन लिए।
घटना के बाद पीड़िता ने सिलचर सदर थाना में मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आश्रम रोड क्षेत्र के निलोत्पल दास नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला सामूहिक दुष्कर्म का है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



