असम के श्रीभूमि जिले में गैस सिलेंडर विस्फोट, 20 से अधिक गंभीर रूप से घायल,चारबाजार इलाके में देर रात बड़ा हादसा, कई रेफर

श्रीभूमि 27 नवंबर/असम.समाचार/करुणा देव
असम के श्रीभूमि जिले में भारत–बांग्लादेश सीमा से सटे चारबाजार क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पिंकू मोदक नामक स्थानीय निवासी के घर स्थित रसोईघर में करीब रात 10:30 बजे अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें देख परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जलते सिलेंडर को कमरे से बाहर निकालने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों द्वारा सिलेंडर को जमीन पर फेंकते ही आग तेजी से फैल गई, जिससे करीब 45 लोग झुलस गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल लोगों को तुरंत स्थानीय निवासियों की मदद से करीमगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों में से 22 की हालत गंभीर है। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। उनमें से एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती रखा गया है, जबकि एक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चौंकाने वाली बात यह रही कि जमीन पर लुढ़कते हुए सिलेंडर से अधिकतर लोगों को कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी तथा मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




