क्लब निर्वाणा में करोड़ों के जुए का भंडाफोड़, मिजोरम के चार युवक गिरफ्तार
सोनापुर पुलिस सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लालचन्हिमा साइलो, लालफाकॉमा रालते, लालरिंग हेता, और जोसेफ लालपारमाविया के रूप में हुई है।

विकास शर्मा
सोनापुर, 16 जुलाई (असम.समाचार)
सोनापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लब निर्वाणा में संचालित हो रहे एक जुए के अड्डे पर छापा मारकर करोड़ों रुपये के लेनदेन वाले गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। इस दौरान मिजोरम के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।

सोनापुर पुलिस सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लालचन्हिमा साइलो, लालफाकॉमा रालते, लालरिंग हेता, और जोसेफ लालपारमाविया के रूप में हुई है। ये सभी मिजोरम की राजधानी आइजोल के निवासी हैं।

पुलिस को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि क्लब निर्वाणा में पिछले दो-तीन दिनों से एक जुआ गिरोह सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में संगठित सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के व्यापक अभियान का हिस्सा है।

गौरतलब है कि क्लब निर्वाणा इससे पहले भी आईपीएल सट्टेबाजी के मामलों को लेकर पुलिस जांच के घेरे में आ चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और संलिप्त नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सूत्रों की जानकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में और भी छापेमारी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



