Blogअसमएक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईदुर्घटनापुलिस बुकराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंहादसा

NH-27 पर आग का कहर: गोसाईगांव में तेल टैंकर विस्फोट से दहला इलाका

पलटा पेट्रोलियम टैंकर, लगी भीषण आग; काले धुएं से घिरा इलाका, कई किलोमीटर तक यातायात बाधित

कनक चंद्र बोड़ो

गोसाईगांव 17 फ़रवरी 2026/असम.समाचार

राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब काचुगांव के रायखुनबारी के पास एक तेल से लदा टैंकर भीषण आग की चपेट में आ गया।

हादसा इतना भयावह था कि आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोलियम पदार्थ से भरा टैंकर पास के एक पुल की रेलिंग से टकराकर पलट गया। टक्कर के बाद सड़क पर फैला ईंधन चिंगारी के संपर्क में आते ही भड़क उठा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही पलों में राष्ट्रीय राजमार्ग धधकती लपटों और धुएं के गुबार में तब्दील हो गया।

आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महत्वपूर्ण राजमार्ग होने के कारण लंबी दूरी के यात्री और स्थानीय लोग घंटों जाम में फंसे रहे।

सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय टैंकर में चालक और खलासी मौजूद थे। हालांकि, उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन ने अभी तक किसी हताहत या घायल की औपचारिक जानकारी जारी नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के कई फायर ब्रिगेड केंद्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कम से कम चार दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी क्षेत्र को घेरकर राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!