
विकास शर्मा
गुवाहाटी, 11 दिसंबर 2025
राजीव भवन स्थित एबीसी इलाके के लोकप्रिय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सोहम एम्पोरिया में 9 दिसंबर की देर रात लगी भीषण आग पर गुरुवार शाम तक काबू पा लिया गया। यह आग रात लगभग 12:35 बजे लगी थी, जिसके बाद अनेक मंज़िलों पर घना धुआँ फैलने से स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई।

सूचना मिलते ही दिसपुर फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज स्टेशन सहित विभिन्न स्टेशनों से दमकल की लगभग 25 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। ऊपरी मंज़िलों से उठती लपटों और भीषण धुएँ के कारण शुरुआती चरण में आग को नियंत्रित करना बेहद मुश्किल रहा। शून्य दृश्यता के चलते दमकलकर्मी दिन में दूसरी और तीसरी मंज़िल तक पहुँचने में भी कठिनाई का सामना करते रहे। हालांकि, शाम होते-होते इन मंज़िलों पर आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
दमकल विभाग ने जानकारी देते हुए आगे बताया कि आग मुख्य रूप से भवन की ऊपरी मंज़िलों में भड़की थी और आसपास के क्षेत्र को तुरंत सुरक्षा घेरे में लेकर एहतियातन खाली कराया गया। राहत की बात यह है कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। प्रभावित मंज़िलों को गंभीर नुकसान पहुँचा है, जिसका विस्तृत आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा।
आज, 11 दिसंबर को फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयासों के बाद शाम तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। कुछ घंटे तक स्थिति की निगरानी के बाद एनडीआरएफ को स्थल से वापस भेज दिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।



