हनुमान जन्मोत्सव को लेकर नगांव में भक्ति का माहौल
2 से 5 अप्रैल तक हैबरगांव हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और शोभायात्रा में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु।

विकास शर्मा,
नगांव 31 मार्च 2026/असम.समाचार
हैबरगांव स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में भगवान शंकर के रुद्रावतार, अंजनीपुत्र श्री हनुमान जी का 75वां जन्मोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक महोत्सव 2 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक भव्य रूप से आयोजित होगा, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

समिति की ओर से सचिव राजेन्द्र मूंदड़ा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जन्मोत्सव की शुरुआत 31 मार्च को अभिषेक कार्यक्रम से हुई। इस दिन शिलघाट स्थित ब्रह्मपुत्र नदी से पवित्र जल लाकर श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर में रखा गया। इसके बाद कलशों में जल भरकर शोभायात्रा के साथ श्री हनुमान मंदिर लाया गया और वैदिक विधि से श्री हनुमान जी का अभिषेक किया गया।

महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 2 अप्रैल को सायं 6:30 बजे आमंत्रित अतिथि द्वारा किया जाएगा। 2 से 5 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे मंदिर परिसर में रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इन दिनों विभिन्न आमंत्रित कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा।
2 अप्रैल को श्री सुन्दरकाण्ड सेवा मंडल, नगांव द्वारा संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जबकि श्री बजरंग भजन मंडली द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा 2 से 5 अप्रैल तक प्रत्येक रात श्री पवन शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा।
3 अप्रैल को दोपहर 2 बजे श्री हनुमान मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी। इसी दिन असम की पारंपरिक धार्मिक संस्कृति को दर्शाते हुए ‘दीहा नाम कीर्तन’ का आयोजन भी किया जाएगा।
4 और 5 अप्रैल को इंडिया मस्त कलंदर के कलाकार राहुल कुमार एवं उनकी टीम द्वारा धार्मिक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी।
वहीं 5 अप्रैल को धुबड़ी के प्रसिद्ध भजन गायक तेजा पारीक और विकास पारीक द्वारा विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का समापन 6 अप्रैल को प्रातः 9 बजे हवन एवं समापन समारोह के साथ होगा।
समिति ने श्रद्धालुओं से 31 मार्च को आयोजित अभिषेक शोभायात्रा में भाग लेने के लिए 30 मार्च तक अपना नाम समिति कार्यालय में दर्ज कराने का अनुरोध किया है। शोभायात्रा में भाग लेने वाली महिलाओं से लाल-पीली साड़ी तथा पुरुषों से धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा पहनकर आने की अपील की गई है।
इसके अलावा 3 अप्रैल को आयोजित भव्य शोभायात्रा में भाग लेने वाले बच्चों के नाम 1 अप्रैल तक संयोजक अजय मित्तल के पास दर्ज कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि बच्चों की भूमिकाओं का उचित चयन किया जा सके।
समिति ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सवामणी की विशेष व्यवस्था की गई है और भक्तगण इसके लिए समिति कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



