असमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

असम में विकास ही हमारा सबसे बड़ा एजेंडा, जनता फिर देगी भाजपा को समर्थन: अशोक सिंघल

असम समाचार को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में मंत्री सिंघल ने विपक्ष के आरोपों को बताया बेबुनियाद, NRC, रोजगार, बाढ़ और विकास के मुद्दों पर रखी सरकार की बात

विकास शर्मा,

ढेकीयाजुली 6 अप्रैल 2026/असम.समाचार

असम सरकार के मंत्री तथा ढेकीयाजुली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अशोक सिंघल ने कहा है कि राज्य में भाजपा सरकार ने पिछले वर्षों में व्यापक विकास कार्य किए हैं और जनता इसका जवाब आगामी चुनाव में देगी।

असम समाचार को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने विपक्ष के आरोपों, NRC, रोजगार, बाढ़-कटाव और आगामी चुनाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंघल ने कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ प्रचार नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर काम किया है।

उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उनके अनुसार “डबल इंजन सरकार” के कारण केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय हुआ है, जिसका लाभ सीधे असम की जनता को मिला है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी नौकरियों के साथ-साथ उद्योग, स्वरोजगार और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और जनता का विश्वास पार्टी के साथ बना हुआ है। उन्होंने स्वीकार किया कि लोकतंत्र में हर चुनाव चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन भाजपा विकास और सुशासन के आधार पर जनता के बीच जा रही है।

NRC के मुद्दे पर सिंघल ने कहा कि यह एक संवेदनशील विषय है और सरकार इस मामले में संवैधानिक प्रक्रिया और कानूनी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि समय आने पर इसका स्थायी समाधान सामने आएगा।

सरकारी परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो सरकार जांच के लिए तैयार है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाढ़ और कटाव की समस्या पर बोलते हुए सिंघल ने कहा कि यह असम की पुरानी और जटिल समस्या है, जिसके स्थायी समाधान के लिए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि नदियों के किनारे सुरक्षा कार्यों, तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और अन्य परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

नगांव, मोरीगांव और ऊपरी असम के कुछ क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से इन क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और आने वाले समय में स्थिति में और सुधार होगा।

भाजपा की लोकप्रियता पर पूछे गए सवाल के जवाब में सिंघल ने कहा कि पार्टी की लोकप्रियता पहले की तरह बनी हुई है और जनता विकास के मुद्दे पर भाजपा का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जनता में नाराज़गी है तो सरकार उसे भी गंभीरता से लेकर समाधान की दिशा में काम करेगी।

राहुल गांधी, कांग्रेस और असम की राजनीति में सक्रिय तीनों गोगोई नेताओं के बारे में पूछे गए सवाल पर सिंघल ने कहा कि भाजपा अपने विकास कार्यों और नीतियों के आधार पर चुनाव लड़ रही है, जबकि विपक्ष के पास ठोस मुद्दों की कमी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता फिर से भाजपा को समर्थन देगी और राज्य में विकास की गति आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!