असमगुवाहाटीधर्म और आस्था

डांडिया की धूम, मां दुर्गा की भक्ति, गुवाहाटी में रंगा-रंग शाम

सोनल शर्मा

गुवाहाटी, 15 सितंबर

काके दी हट्टी परिसर की रात कुछ यूं जगमगा उठी मानो नवरात्रि समय से पहले ही दस्तक दे गई हो। मौका था राष्ट्रीय सामाजिक विकास समिति द्वारा आयोजित भव्य गरबा-डांडिया रास महोत्सव का, जहां ताल पर थिरकते कदम और मां दुर्गा की स्तुति संग मिला कर हर किसी ने भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम रचा।

शुभारंभ मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन और वंदना से हुआ। इस पावन लम्हे में स्टेट चेयरपर्सन संतोष शर्मा, अध्यक्ष सारिका अग्रवाल, जज निशा शाह, जागृति बुद्धदेव, सचिन, पूजा शर्मा, कोषाध्यक्ष पिंकी बैंगानी, उपाध्यक्ष सविता अग्रवाल, पिंकी जैन, सलाहकार संगीता बडजातीया और पीआरओ खुशबू मोर सहित समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

पीछे ड्रम और ढोलक की थाप गूंज रही थी, और आगे पंडाल में रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाएं और बच्चे अपनी लय में मग्न होकर डांडिया की छड़ी घुमा रहे थे। आयोजन की संयोजिकाएँ अनीता शराफ, अंजू वर्मा, रेनू दुग्गड और उषा सांखला ने पूरे माहौल को उत्सव की चादर में लपेट दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उतने ही जोश से भाग लिया जितने उत्साह से उन्होंने तालियां बजाईं। विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए गए और माहौल को रोमांचक बनाने के लिए लकी ड्रा का भी आयोजन रहा।

शाम होते-होते पूरा प्रांगण मानो एक रंगीन नवरात्रि मेले में बदल गया – कहीं कांचीवरम साड़ियों की झिलमिलाहट, कहीं डांडिया की टकराती छड़ियों की खनक और बीच-बीच में गूंजती “जय माता दी” की पुकार।

सचमुच, गुवाहाटी की इस रात ने यह साबित कर दिया कि मां दुर्गा की भक्ति और डांडिया का आनंद जब मिल जाए तो पर्व का जादू अपने आप ही उतर आता है।

Advertisement

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!