लालगणेश गणेश मंदिर में गजानंद संग रंगबिरंगा फागोत्सव
कार्यक्रम के समापन से पूर्व सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए “राम-राम सा” कहकर स्नेहिल अभिवादन किया। मिठाइयों और प्रसाद वितरण के साथ उत्सव को विश्राम दिया गया।

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 25 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
फागुन की मादक बयार और होली के उल्लास के बीच लालगणेश महिला मंडल द्वारा बुधवार, 25 फरवरी 2026 को लालगणेश गणेश मंदिर प्रांगण में गजानंद संग रंगबिरंगा फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर भक्ति, रंग और उमंग से सराबोर नजर आया।
अपराह्न 3 बजे मंडल की सभी सदस्याएं मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुईं। सर्वप्रथम भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना एवं स्तुति की गई। इसके पश्चात भजनों की गंगा बह निकली और “राम-राम सा” तथा गणपति जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उपस्थित मातृशक्ति ने बारी-बारी से बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
फागुन के शुभ अवसर पर प्रेम भरे रंगों से होली खेली गई। रंगोली की आकर्षक सजावट ने मंदिर परिसर की शोभा बढ़ाई। भक्ति और उल्लास के संग महिलाओं ने पारंपरिक भजनों पर झूमते हुए फागोत्सव का आनंद लिया।
“गणेश की जय” के उद्घोष से पूरा परिसर गूंजता रहा और होली का उत्सव प्रेमद्वार की ज्योति की तरह प्रज्वलित होता रहा।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए “राम-राम सा” कहकर स्नेहिल अभिवादन किया। मिठाइयों और प्रसाद वितरण के साथ उत्सव को विश्राम दिया गया।
महिला मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि लालगणेश मंदिर में विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों की मातृशक्ति एकजुट होकर हर वर्ष इसी प्रकार प्रेम, भक्ति और रंगों के संग फागोत्सव मनाती है, जो सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।



