मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा गुवाहाटी की रंगारंग होली धमाल: 16 श्रृंगार, रैंप वॉक और घूमर ने बांधा समां
कार्यक्रम में पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति, संगीत और नृत्य की झलक देखने को मिली। महिलाओं के उत्साह और सहभागिता ने इस होली उत्सव को यादगार बना दिया।

ओपी शर्मा,
गुवाहाटी 27 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा गुवाहाटी द्वारा आयोजित रंगारंग होली धमाल कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने माहौल को पूरी तरह फागुनी रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राधिका शर्मा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। शाखा अध्यक्ष संतोष शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती कंचन पौद्दार रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ममता शर्मा एवं अंजू मालू उपस्थित रहीं।
निर्णायक मंडली में श्रीमती प्रज्ञा शर्मा, कंचन पौद्दार और विद्या कुंडलिया ने निष्पक्ष एवं सराहनीय निर्णय देकर प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम के अंतर्गत 16 श्रृंगार प्रतियोगिता और रैंप वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं की घूमर प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
विजेता प्रतिभागियों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। राजस्थान से पधारे रामदेव रंगीला एंड ग्रुप ने अपनी लोक-संगीत प्रस्तुति से समां बांध दिया। हास्य नाटक, ग्रुप डांस और राजस्थानी गीतों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की संयोजिका राजश्री कुचेरिया, कविता जोगण, ज्योति शर्मा, सिया शर्मा, प्रेमलता सिंघानिया एवं अनीशा अग्रवाल रहीं। मंत्री मंजू भंसाली, उपाध्यक्ष रश्मि जैन, सह कोषाध्यक्ष बिंदु मोहता, शाखा सलाहकार सरोज मित्तल, कार्यकारी सदस्य अलका अग्रवाल, सुचित्रा छाजेड़, विद्या कुंडलिया, खुशबू मोर, ममता शर्मा, मधु लूनिया एवं पिंकी जैन सहित अनेक गणमान्य सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति, संगीत और नृत्य की झलक देखने को मिली। महिलाओं के उत्साह और सहभागिता ने इस होली उत्सव को यादगार बना दिया।



