दिनदहाड़े बरपेटा रोड में ‘सिनेमा स्टाइल’ डकैती, 12 करोड़ के गहने उड़ा ले गए हथियारबंद बदमाश
स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अशोक दास
बरपेटा, 20 फरवरी 2026/असम.समाचार
बरपेटा जिले के बरपेटा रोड में गुरुवार दोपहर अपराधियों ने ऐसा दुस्साहसिक वारदात अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। दुर्गाबाड़ी रोड स्थित संको अलंकार नामक आभूषण दुकान से करीब ₹12 करोड़ के सोने, चांदी और हीरे के गहने बंदूक की नोक पर लूट लिए गए।
200 मीटर दूर था थाना, फिर भी बेखौफ वारदात
चौंकाने वाली बात यह है कि दुकान स्थानीय पुलिस स्टेशन से महज 200 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद करीब पांच हथियारबंद बदमाश दिनदहाड़े दुकान में घुस आए और फिल्मी अंदाज में पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को बांधा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने पिस्टल लहराते हुए कर्मचारियों को काबू में किया, उनके हाथ बांध दिए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शोकेस से कीमती गहने समेट लिए जाते-जाते वे लाखों रुपये नकद भी साथ ले गए।
सीसीटीवी तोड़ा, हार्ड डिस्क भी ले गए
सबूत मिटाने की नीयत से बदमाशों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और रिकॉर्डिंग की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। इससे साफ है कि वारदात की पूरी प्लानिंग पहले से की गई थी।
जांच शुरू, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों की नाकेबंदी की गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।



