मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शिलाबंधा में केंद्रीय पालनाम थान का उद्घाटन किया

दिलीप सिंह
कलियाबर,4 दिसंबर 2025/असम.समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा आज कलियाबर के शिलाबंधा में आयोजित एक भव्य समारोह में एकशरण भागवती समाज, असम के केंद्रीय पालनाम थान का उद्घाटन और गुरु आसन की स्थापना करने पहुंचे। कार्यक्रम का आयोजन स्वागत समिति के सचिव कृष्णराम हजारिका के नेतृत्व में किया गया।
समारोह की शुरुआत समिति के अध्यक्ष एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री केशव महंत के स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने एकशरण भागवती समाज और इसके संस्थापक महापुरुष इलाराम दास के योगदान पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नगांव और मंगलदई में निर्माणाधीन पालनाम थान भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। उन्होंने समाज के प्रचार-प्रसार को सशक्त बनाने हेतु सरकार की ओर से एक वाहन उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किए गए केंद्रीय पालनाम थान के विकास हेतु 2 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार समाज की सांस्कृतिक विरासत और अध्यात्मिक योगदान के प्रति प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में असम के 28 जिलों से आए लगभग 10 हजार से अधिक भक्त, वैष्णव एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
एकशरण भागवती समाज का यह आयोजन 3 दिसंबर से आरंभ होकर 6 दिसंबर तक चलेगा।



