बीकानेर नागरिक मंच की होली ‘धमाल 2026’ की तैयारियों पर मंथन
मंच ने यह भी स्पष्ट किया है कि गुवाहाटी में निवास कर रहे बीकानेर प्रवासी, जो अभी तक मंच से नहीं जुड़े हैं, वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति मंच के सचिव, पदाधिकारी या कार्यकारिणी सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं।

ओपी शर्मा
गुवाहाटी,21 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी द्वारा आगामी होली महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय होटल में कार्यकारिणी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने 26 फरवरी की शाम आईटीए माछखोवा में प्रस्तावित ‘होली धमाल 2026’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक की शुरुआत मंच सचिव रजत स्वामी द्वारा स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा और मंच की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। समीक्षा सत्र में अब तक की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंच की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी सदस्य एवं उनके परिवारजन सादर आमंत्रित रहेंगे। कार्यक्रम में अभिषेक मिश्रा एंड ग्रुप की कलाकार टीम द्वारा राजस्थानी लोकगीत, नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए सदस्य पूरे उत्साह और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हैं।
कार्यक्रम संयोजक घेवर चंद सिपानी और मान मल लोढ़ा ने सदस्यों से प्राप्त सुझावों का स्वागत करते हुए सभी से कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
मंच ने यह भी स्पष्ट किया है कि गुवाहाटी में निवास कर रहे बीकानेर प्रवासी, जो अभी तक मंच से नहीं जुड़े हैं, वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति मंच के सचिव, पदाधिकारी या कार्यकारिणी सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी मंच की ओर से पंकज फलोदिया द्वारा जारी प्रेस नोट के माध्यम से दी गई।



