धुबरी में गंगाधर नदी में नाव पलटी, तीन बच्चे लापता, एक का शव बरामद

राजा शर्मा, संवाददाता, धुबरी
धुबरी 4 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
असम के धुबरी जिले में गंगाधर नदी में रविवार को एक दर्दनाक नाव दुर्घटना हो गई। नदी में नाव पलटने से तीन बच्चे लापता हो गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तामारहाट क्षेत्र के शगुनचार गांव के 22 नाबालिग बच्चे बेलपारा चार में एक श्राद्ध भोज में शामिल होने गए थे। लौटते समय वे जिस छोटी नाव से नदी पार कर रहे थे, वह संतुलन बिगड़ने के कारण गंगाधर नदी में पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 19 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तीन बच्चे नदी में बह गए। बाद में एक बच्चे का शव बरामद किया गया, जबकि शेष दो की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च व रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।



