कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से घबराई बीजेपी-गौरव गोगोई

सोनितपुर 12 फ़रवरी 2026/असम.समाचार
असम में कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से शासक दल भाजपा में बेचैनी साफ नजर आने लगी है यह कहना है असम प्रदेश अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई का। शोणितपुर के बिहगुड़ी के बाद अब विश्वनाथ जिले के चतिया में भी कांग्रेस की पदयात्रा को रोकने की कोशिश की गई। आरोप है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने कांग्रेस की शांतिपूर्ण पदयात्रा पर हमला किया।
जानकारी के अनुसार, असम प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई, असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, सांसद रकीबुल हुसैन, विधायक शिवामणि बोरा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के असम प्रभारी सचिव मनोज चौहान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता आज विश्वनाथ जिले के चतिया की ओर पदयात्रा निकाल रहे थे।
इसी दौरान विधायक पद्म हाजरिका से जुड़े कथित गुंडा तत्वों ने चतिया में कांग्रेस के काफिले को अवैध रूप से रोक दिया। आरोप है कि कुछ उपद्रवियों ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के वाहनों पर पथराव किया, जिससे कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। पथराव की घटना में कांग्रेस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
स्थिति के बिगड़ने पर विश्वनाथ चारिआली थाना पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। बाद में बोरगांग इलाके में कांग्रेस की ओर से हमलावर असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
कांग्रेस ने इस घटना को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



